Monday, March 2, 2026
उत्तर प्रदेश

‘गोली का जवाब गोली से ही देगी पुलिस’, सीएम योगी ने निवेशकों को दी सुरक्षा, स्थिरता और तेजी की खुली गारंटी

लखनऊ में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ के उद्घाटन मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और निवेश सुरक्षा को लेकर सरकार का रुख दो टूक शब्दों में साफ किया। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर निवेशक को SSS यानी सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड की गारंटी देती है। एनकाउंटर को लेकर उठने वाले सवालों पर उन्होंने कहा कि अगर अपराधी गोली चलाएगा तो पुलिस भी गोली से ही जवाब देगी, क्योंकि पुलिस को हथियार चलाने की ट्रेनिंग इसी उद्देश्य से दी जाती है।

निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम का भरोसा

मुख्यमंत्री ने फार्मा सेक्टर से जुड़े देशभर के उद्योगपतियों को भरोसा दिलाया कि यूपी में निवेश के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सभी जरूरी क्लियरेंस और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हर स्तर पर सहयोग कर रही है, ताकि उद्योग बिना किसी बाधा के तेजी से आगे बढ़ सकें।

‘कानून सबके लिए बराबर है’

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में कानून सबके लिए समान है, चाहे वह माफिया हो, अपराधी हो या फिर सत्ता के करीब कोई व्यक्ति। उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में अपहरण, फिरौती, गुंडा टैक्स और माफिया राज हावी था। व्यापारी और आम नागरिक असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद हालात पूरी तरह बदले हैं।

यूपी अब निवेशकों के भरोसे की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि निवेशकों के लिए भरोसे की गारंटी बन चुका है। ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन और टाइमली डिलिवरी के मॉडल पर चलते हुए यूपी आज डी-रेगुलेशन रैंकिंग में देश में नंबर वन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में टॉप अचीवर बन चुका है। MSME सेक्टर में निवेश करने वाले उद्यमियों को 1000 दिनों तक निरीक्षण से छूट दी गई है।

कारखानों की संख्या में दोगुने से ज्यादा इजाफा

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 14,000 कारखाने थे, जो अब बढ़कर 30,000 से ज्यादा हो चुके हैं। यह बदलाव सरकार की नीतियों और सुरक्षित निवेश माहौल का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

दो साल में विकसित होगा बीडा

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) को दो साल के भीतर विकसित कर लिया जाएगा। 56,000 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र नोएडा से भी बड़ा होगा। इसके साथ ही ललितपुर में बल्क ड्रग फार्मा पार्क को हब एंड स्पोक मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। गौतम बुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क, यूएस एफडीए टेस्टिंग लैब और वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक्स हब, जबकि लखनऊ में विश्वस्तरीय फार्मा इंस्टीट्यूट बनाने की भी योजना है।

‘नया भारत किसी के आगे नहीं झुकेगा’

अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाने के संदर्भ में सीएम योगी ने कहा कि यह नया भारत है, जो किसी के आगे नहीं झुकता। भारत अपनी नीतियों पर अडिग है और इसी का परिणाम है कि आज वैश्विक शक्तियां भी संवाद और सहयोग के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि 2014 से पहले जिस भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, आज वही भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है।

यूपी बनेगा फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब: जेपी नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा कॉन्क्लेव में वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ललितपुर का बल्क ड्रग फार्मा पार्क, यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मेडिकल डिवाइस पार्क और राज्य की फार्मास्यूटिकल नीति यूपी को फार्मा मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा हब बनाएगी।

सुरक्षित माहौल में उद्योग को मिलेगा लाभ: ब्रजेश पाठक

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में यूपी पूरी तरह बदल चुका है। अब 24 घंटे बिजली, मजबूत सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेसवे, बेहतर रेल और हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आज अपराधी या तो जेल में है या राज्य छोड़ चुका है। सुरक्षित माहौल में उद्योग लगाएंगे तो लाभ ही लाभ होगा। सरकार प्रदेश में बनी दवाओं को प्राथमिकता पर खरीदेगी और यूपी मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन का बजट 1000 करोड़ रुपये है, जिसमें आगे और बढ़ोतरी होगी।