कबड्डी मैच के दौरान हुआ हादसा, दर्शकों के बीच गिरा हाईटेंशन बिजली का तार; 3 की मौत
कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कबड्डी मैच के दौरान करंट लगने से तीन दर्शकों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक रावसवाही गांव में कबड्डी मैच का आयोजन किया गया था। इस दौरान यहां दर्शकों के लिए लगाया गया एक टेंट हाईटेंशन बिजली की चपेट में आ गया। करंट लगने की वजह से तीन दर्शकों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग झुलस गए हैं। पुलिस ने रविवार को घटना के बारे में जानकारी दी है।
तूफान के कारण गिर गया तार
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को बड़ेराजपुर विकास खंड के रावसवाही गांव में कबड्डी मैच के दौरान हुई। अधिकारी ने बताया कि अचानक आए तूफान के कारण 11 केवी की बिजली की लाइन मैदान पर लगाए गए टेंट के लोहे के खंभे से छू गई, जिसके कारण कई दर्शकों को बिजली का झटका लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने छह घायलों को विश्रामपुरी के एक अस्पताल पहुंचाया, जहां लोगों तीन को मृत घोषित कर दिया गया।
तीन लोगों की हुई मौत
अधिकारी ने बताया कि तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर है। ऐसे में आनन-फानन में उन्हें बेहतर इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सतीश नेताम, श्यामलाल नेताम और सुनील शोरी के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
सांप के डसने से तीन की मौत
बता दें कि एक अन्य मामले में सांप ने एक ही परिवार के तीन लोगों को डस लिया। यह घटना कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की बताई जा रही है। यहां जहरीले सांप के डसने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक पूरा परिवार खाना खाने के बाद घर में सो रहा था, तभी जहरीले करैत सांप ने तीन को डस लिया। परिजनों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर लगभग आधे घंटे तक कोई मेडिकल स्टाफ बाहर नहीं आया और बाद में ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी ने बताया कि विष-रोधी टीका उपलब्ध नहीं है।
