ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, बाइक और पानी के टैंकर की टक्कर में 3 छात्रों की मौत
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा इलाके में दर्दनाक हादसे की घटना सामने आई है। एक पानी के टैंकर और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार तीन छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों छात्र गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के छात्र थे। आइए जानते हैं इस हादसे के बारे में सबकुछ।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दर्दनाक हादसे की ये घटना रविवार की रात को बीटा-2 थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के चुहड़पुर अंडरपास के करीब हुई है। तीनों छात्र खाना लाने के लिए बाइक से पूर्वांचल सोसाइटी के पास एक ढाबे पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पेड़ों को पानी दे रहे एक टैंकर से टकरा गई।
पुलिस के मुताबिक, सड़क हादसे में बाइक सवार तीनों छात्र बुरी तरह से घायल हो गए थे। उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एक छात्र को गंभीर हालत में एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान आई सामने
ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे में जान गंवाने वाले तीनों छात्रों की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान गाजियाबाद की पंचवटी कॉलोनी के रहने वाले स्वयं सागर (उम्र 19 वर्ष), गाजीपुर जिले के गांव खुदुरा निवासी कुश (उम्र 21 वर्ष) और बरेली जिले की सैटेलाइट कॉलोनी निवासी समर्थ पुंडीर (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना के बारे में खबर दे दी है।
