पंजाब

फ्लाईओवर से नीचे गिरा बेकाबू ट्रक! सामने खड़ी खराब बस को बचाने में हुआ हादसा, बाल-बाल बची कई जिंदगियां

जालंधर: पंजाब के जालंधर में गुरुवार को चौगिट्टी फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फ्लाईओवर से गुजर रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक ने सड़क पर खड़ी खराब बस से टक्कर बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और कोई गंभीर रूप से घायल भी नहीं हुआ।

यह हादसा चौगिट्टी चौक के पास जेसी रिजॉर्ट के सामने हुआ। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

खराब बस को बचाने के दौरान बिगड़ा संतुलन

ट्रक चालक जोगिंदर ने बताया कि वह फिल्लौर से सामान लेकर बटाला जा रहा था। जैसे ही वह चौगिट्टी फ्लाईओवर पर जेसी रिजॉर्ट के पास पहुंचा, सामने सड़क पर एक खराब बस खड़ी दिखाई दी।

चालक के अनुसार बस से टक्कर बचाने के लिए उसने ट्रक को दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस जोन-1 के प्रभारी राजकुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले दुर्घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था संभालने का काम शुरू किया।

पुलिस के अनुसार ट्रक पलटने के कारण कुछ समय के लिए चौगिट्टी चौक और फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

पहले हटाई गई खराब बस, फिर सामान्य हुआ ट्रैफिक

जांच के दौरान सामने आया कि फ्लाईओवर पर खड़ी खराब बस के कारण यह दुर्घटना हुई। इसके बाद पुलिस ने बस को सड़क से हटवाया और ट्रक को सुरक्षित हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई। कार्रवाई पूरी होने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया।

बड़ा हादसा टला, जांच जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था, लेकिन ट्रक नीचे गिरने के बावजूद उसकी चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि खराब वाहन मुख्य मार्ग पर किन परिस्थितियों में खड़ा किया गया था।