Monday, April 20, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा के पहले ही दिन दर्दनाक हादसे, महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत, यमुनोत्री मार्ग पर अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप

उत्तराखंड में 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई चारधाम यात्रा पहले ही दिन दुखद घटनाओं के कारण सुर्खियों में आ गई। भारी संख्या में श्रद्धालु जहां मां गंगा और यमुना के दर्शन के लिए पहुंचे थे, वहीं यात्रा के दौरान दो अलग-अलग हादसों में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर चढ़ाई के दौरान श्रद्धालु की मौत
यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए महाराष्ट्र के एक बुजुर्ग श्रद्धालु की पैदल मार्ग पर चढ़ाई के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उदय गजानन तांबे (65 वर्ष) निवासी नासिक, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया उनकी मौत सांस संबंधी समस्या के कारण हुई है। जानकारी के मुताबिक, लगभग पौने चार बजे एक नेपाली मूल का मजदूर उन्हें मृत अवस्था में लेकर आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने जांच कर शव को पुलिस को सौंप दिया।

घोड़े से गिरकर महिला श्रद्धालु की दर्दनाक मौत
चारधाम यात्रा मार्ग पर दूसरी घटना घोड़े से गिरने के कारण हुई। पुलिस अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, 40 वर्षीय प्रतिमा मिश्रा ‘19 कैंची’ के पास घोड़े से गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हरिद्वार में पंजीकरण केंद्र पर महिला श्रद्धालु बेहोश
इधर हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र पर उज्जैन निवासी 70 वर्षीय दुर्गाबाई पंजीकरण के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनका ब्लड प्रेशर कम होने के कारण चक्कर आया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।

चारधाम यात्रा को लेकर सरकार की तैयारियों का दावा
यात्रा के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और अखंड ज्योति के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक है और सभी के लिए यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुगम बनाने के प्रयास किए गए हैं।

श्रद्धालुओं से सीएम धामी ने की मुलाकात
गंगोत्री धाम परिसर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीर्थ यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और कतार में खड़े श्रद्धालुओं को चुनरी भेंट की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सामूहिक प्रयास से ही संभव है।