Tuesday, April 21, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पंतनगर में देर रात भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

उत्तराखंड के पंतनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। संजय वन के पास हुए इस भीषण हादसे में स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें स्कूटी सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

रात करीब 12 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार देर रात करीब 12 बजे संजय वन से लगभग 2 किलोमीटर पहले हुआ। हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो और रुद्रपुर से हल्द्वानी की तरफ आ रही स्कूटी के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों युवकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अनिकेत (20 वर्ष) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी मडुवाखेड़ा, मझरा जसपुर, रोहन (22 वर्ष) पुत्र कमल निवासी बगाड़ी, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार और आकाश (24 वर्ष) पुत्र गंगाराम निवासी सिविल लाइन, रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों की मौत की खबर से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है।

बारात से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार तीनों युवक हल्द्वानी में एक बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लिया, जांच जारी
सूचना पर एसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।