पश्चिम बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण की तैयारी, टैगोर जयंती पर हो सकता है बड़ा सियासी आयोजन; मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बरकरार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी है कि शपथ ग्रहण समारोह 9 मई यानी शनिवार को आयोजित किया जाएगा। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मुख्यमंत्री पद की कमान किस नेता को सौंपी जाएगी। फिलहाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव में हराने वाले शुभेंदु अधिकारी का नाम इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
9 मई को टैगोर जयंती पर शपथ ग्रहण
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में शमिक भट्टाचार्य ने साफ किया कि बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। खास बात यह है कि उसी दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। माना जा रहा है कि इसी वजह से बीजेपी ने इस तारीख को चुना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस दिन कितने मंत्री शपथ लेंगे।
दिल्ली में हो सकती है अहम बैठकें
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं। इसके साथ ही यह भी संभावना जताई जा रही है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार या बुधवार को कोलकाता पहुंचकर बीजेपी विधायकों के साथ बैठक कर सकते हैं। पार्टी की राष्ट्रीय संसदीय समिति मुख्यमंत्री और मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाएगी।
सीएम के नाम पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा
रिपोर्ट्स के अनुसार बंगाल के मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन और बीजेपी के शीर्ष नेताओं की बैठक में लिया जाएगा। इस दौरान राज्य के नेताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मिले इनपुट्स पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
शुभेंदु अधिकारी को दिल्ली बुलाने की चर्चा
सूत्रों का दावा है कि शमिक भट्टाचार्य और शुभेंदु अधिकारी को आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली तलब किया जा सकता है। हालांकि उनकी बैठक कब और किन नेताओं के साथ होगी, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सीएम पद की रेस में ये नाम चर्चा में
हालांकि बीजेपी ने अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन मुख्यमंत्री पद की रेस में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। उन्होंने 2021 और 2026 दोनों चुनावों में ममता बनर्जी को हराकर जीत हासिल की है और फिलहाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा शमिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष और उत्पल महाराज के नामों पर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है।
