मध्य प्रदेश

MP: मां और दो बेटियों की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में एक ही परिवार की मां और दो बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के काछी मोहल्ले में रहने वाले परिवार की तीनों सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पहले 9 वर्षीय बेटी सेजल, फिर 12 वर्षीय बेटी शानवी और देर रात उनकी मां वर्षा दांगी ने दम तोड़ दिया।

अचानक बिगड़ी तीनों की तबीयत

जानकारी के मुताबिक रितेश दांगी की 28 वर्षीय पत्नी वर्षा दांगी और उनकी दोनों बेटियां शानवी तथा सेजल की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार के सदस्यों के मुताबिक उन्हें यह स्पष्ट नहीं था कि तीनों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

रितेश के छोटे भाई निलेश ने बताया कि सोमवार शाम जब वह घर पहुंचे तो उनकी भाभी वर्षा को उल्टियां हो रही थीं। वहीं उनकी छोटी बेटी सेजल पास में अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद सेजल को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही सेजल को मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 9 वर्षीय सेजल को मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ समय बाद रितेश अपनी दूसरी बेटी शानवी और पत्नी वर्षा को भी लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इलाज के दौरान शानवी की भी मौत हो गई। देर रात वर्षा दांगी ने भी दम तोड़ दिया।

जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका सामने आई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

परिवार को भी नहीं पता मौत की वजह

परिवार के सदस्यों का कहना है कि तीनों की तबीयत बिगड़ने की सही वजह उन्हें भी पता नहीं है। बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय वर्षा की हालत सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

एक ही परिवार की मां और दो बेटियों की मौत से काछी मोहल्ले में मातम का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर तीनों की तबीयत एक साथ कैसे बिगड़ी और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।