Sunday, April 26, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में हाइवे किनारे इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू; करीब 50 लाख का नुकसान

निगोहां (लखनऊ)। राजधानी के निगोहां क्षेत्र स्थित मदापुर मंदिर चौराहे पर शनिवार दोपहर एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

खिड़की से उठते धुएं ने दी आग की पहली चेतावनी

जानकारी के मुताबिक बाजपेयी खेड़ा निवासी उमाशंकर शुक्ला का मदापुर मंदिर चौराहे पर स्थित दो मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर ‘विंध्यवासिनी इलेक्ट्रॉनिक’ शोरूम संचालित है, जबकि भूतल पर ‘विंध्यवासिनी ट्रेडर्स’ है। शनिवार सुबह शोरूम में पूजा-पाठ करने के बाद वह नीचे अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान राहगीरों ने दूसरी मंजिल की खिड़की से धुआं निकलते देखा और उन्हें सूचना दी। जब तक लोग ऊपर पहुंचे, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी।

स्थानीय लोगों की कोशिश नाकाम, आग ने लिया विकराल रूप

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। शोरूम में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तेजी से जलने लगे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा।

दमकल और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही एसीपी विकास पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी तत्काल पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने शोरूम की खिड़कियां तोड़कर अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला और हौज पाइप के जरिए पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान, कारण स्पष्ट नहीं

शोरूम मालिक के अनुसार इस आगजनी में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम में रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।