बेतिया में छठियार पार्टी के दौरान बड़ा हादसा, तेज रफ्तार बस ने 10 लोगों को रौंदा; 5 की मौत
बेतिया। बिहार के बेतिया में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा एनएच-727 के बेतिया मार्ग पर बसवरिया पराउटोला बनकटवा मध्य विद्यालय के सामने हुआ। यहां एक नवजात के छठियार समारोह में लोग भोज के साथ आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई और करीब 10 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गैस सिलेंडर लदे ट्रक से बचने के दौरान भीड़ में घुसी बस
जानकारी के मुताबिक लौरिया के बसवरिया निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर नवजात के छठियार समारोह का आयोजन किया गया था। उनका घर सड़क किनारे स्थित है। समारोह में भोज-भात के साथ आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम भी रखा गया था। आमंत्रित लोग और स्थानीय ग्रामीण कार्यक्रम देख रहे थे।
इसी दौरान बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की तरफ से शाही ट्रेवेल्स की बस जा रही थी। दोनों वाहनों के आमने-सामने आने के बाद टक्कर की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए बस की दिशा बदल दी। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को कुचल दिया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार, 5 लोगों की मौत
बस की चपेट में आने से कम से कम 10 लोग घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच घायलों का इलाज जारी है। वहीं दो-तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
इन पांच लोगों की हुई मौत
हादसे में देवेन्द्र दुबे, बहादुर महतो, संजय महतो, छांगुर राम और भोला दुबे की मौत हुई है। मृतकों की उम्र क्रमश: 35, 45, 28, 65 और 35 वर्ष बताई गई है। सभी मृतक बनकटवा गांव के वार्ड नंबर 10 के निवासी थे और घटना के समय छठियार समारोह में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे थे।
पांच घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में श्यामबाबू कुमार, नरेश राम, अजीत कुमार, मोतीचंद महतो और फखरुद्दीन मियां घायल हुए हैं। घायलों की उम्र 17 से 60 वर्ष के बीच बताई गई है। इनमें बसवरिया, बनकटवा, पराउटोला और बगहा पुलिस जिला क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
हादसे के बाद लोगों का हंगामा, दोनों वाहनों में तोड़फोड़
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर हंगामा किया और दोनों वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक दोनों वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग की है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
