अन्य राज्य

ओडिशा में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, जूनियर असिस्टेंट और क्लर्क के 14 पदों पर निकली भर्ती, 18 अगस्त तक करें आवेदन

भुवनेश्वर: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक युवाओं के लिए बड़ी खबर है। ओडिशा राज्य चयन बोर्ड ने जूनियर असिस्टेंट और क्लर्क के 14 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। यह भर्ती स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग के अंतर्गत उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के लिए की जाएगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 अगस्त 2026 की रात 11:45 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत जारी इस भर्ती अभियान के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। कुल 14 रिक्त पदों में 6 पद अनारक्षित वर्ग, 4 पद अनुसूचित जनजाति और 4 पद अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया में महिला अभ्यर्थियों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।

स्नातक उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास बेसिक कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित प्रमाणपत्र होना भी जरूरी होगा।

आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2026 के आधार पर उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को सरकार के प्रचलित नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 200 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें 20 अंकों का कंप्यूटर कौशल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा।

लिखित परीक्षा और कंप्यूटर कौशल परीक्षण में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।

इतना मिलेगा वेतन और आवेदन शुल्क

चयनित उम्मीदवारों को ग्रुप-सी के लेवल-4 वेतनमान के तहत 25,500 रुपये से 81,100 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क सामान्य, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़ा वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 200 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

इन शहरों में होगी परीक्षा

लिखित परीक्षा का आयोजन बालासोर, बेरहामपुर, भुवनेश्वर, जेयपोर और संबलपुर में किया जाएगा। वहीं कंप्यूटर कौशल परीक्षण केवल भुवनेश्वर में आयोजित होगा।

ऐसे पूरा करना होगा आवेदन

उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।