AIIMS रायबरेली में डॉक्टरों के लिए बड़ी भर्ती, 153 सीनियर रेजिडेंट पदों पर आवेदन शुरू, 14 जुलाई है आखिरी तारीख
रायबरेली: मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली ने वर्ष 2026 के लिए सीनियर रेजिडेंट के 153 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 14 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती संस्थान के विभिन्न विभागों में की जाएगी। इनमें एनेस्थीसिया, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, रेडियोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, त्वचा रोग और मेडिकल ऑन्कोलॉजी समेत कई विभाग शामिल हैं।
इन विभागों में सबसे ज्यादा पद
भर्ती के तहत सबसे अधिक 13 पद एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी और ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में 10-10 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त एमबीबीएस डिग्री के साथ संबंधित विषय में एमडी, एमएस, डीएनबी, डीएम, एमसीएच अथवा डीएनबी-एसएस जैसी स्नातकोत्तर योग्यता होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का नाम केंद्रीय या राज्य मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत होना भी जरूरी होगा।
सीनियर रेजिडेंट पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तय की गई है। हालांकि आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आरक्षित वर्गों को मिलेगा आयु में लाभ
भर्ती नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 3 वर्ष की राहत दी जाएगी, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार 10 से 15 वर्ष तक अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा।
जानिए कितना देना होगा आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,180 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 944 रुपये शुल्क जमा करना होगा। दिव्यांग उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसे अंतिम मेरिट में 80 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभाग की ओर से 20 प्रतिशत वेटेज के साथ विभागीय मूल्यांकन किया जाएगा। दोनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार होगी।
चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा आकर्षक वेतन
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल-11 के अनुसार 67,700 रुपये प्रतिमाह शुरुआती वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा पात्र मेडिकल अधिकारियों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस का लाभ भी मिलेगा। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले सभी पात्रता शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।
