खाने में बाल मिलने पर शुरू हुआ विवाद, पुरी के होटल में पर्यटकों और कर्मचारियों के बीच मारपीट; दोनों पक्षों के लोग घायल
पुरी: ओडिशा के पुरी में खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। कर्नाटक के मैसूर से पुरी घूमने आए पर्यटकों और होटल कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं और जांच शुरू कर दी है। मैसूर से 13 पर्यटकों का एक समूह पुरी घूमने आया था। समुद्र तट पर घूमने के बाद सभी रात में खाना खाने के लिए एक होटल पहुंचे थे, जहां खाने में बाल मिलने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
खाना बदलने और अतिरिक्त पैसे को लेकर बढ़ी बहस
पर्यटकों ने खाने में बाल मिलने की शिकायत होटल कर्मचारियों से की और खाना बदलने की मांग की। बताया जा रहा है कि इसके बाद खाना बदलने और अतिरिक्त पैसे लिए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी।
पर्यटकों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद होटल कर्मचारियों ने होटल का शटर बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान भारत चंद्र और उनकी पत्नी 23 वर्षीय सुष्मिता आर. घायल हो गईं। बताया गया है कि सुष्मिता सात महीने की गर्भवती हैं।
सीसीटीवी फुटेज में पर्यटकों के हमला करने का दावा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की जांच के दौरान होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, फुटेज में पर्यटक होटल कर्मचारियों पर पहले हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस फुटेज की जांच कर रही है और घटना के पूरे क्रम को समझने की कोशिश कर रही है। ऐसे में विवाद की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई और मारपीट में किसकी कितनी भूमिका रही, यह फिलहाल जांच का विषय है।
दो केस दर्ज, दो लोग हिरासत में
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाषा को लेकर परेशानी भी विवाद बढ़ने की एक वजह रही। पुलिस ने मामले में दो केस दर्ज किए हैं और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सभी उपलब्ध सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कही ये बात
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुरी आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
