Friday, April 24, 2026
Latest:
दिल्ली

सीएम रेखा गुप्ता का सख्त एक्शन: GST विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 162 अधिकारियों के तबादले से मचा हड़कंप

नई दिल्ली: ट्रेड एंड टैक्सेस (जीएसटी) विभाग को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विभाग में सामने आई अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार ने व्यापक स्तर पर तबादले किए हैं, जिससे पूरे महकमे में हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री के विभागीय दौरे के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई थीं। इन्हीं मामलों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। सरकार के निर्देश पर विभाग में एक साथ 162 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया।

लंबे समय से जमे अधिकारियों पर गिरी गाज

इस बड़े फेरबदल के तहत उन अधिकारियों को खास तौर पर निशाने पर लिया गया है, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे। प्रशासन का मानना है कि लंबे समय तक एक ही जगह पर तैनाती से कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और पारदर्शिता पर भी सवाल उठते हैं।

इन पदों पर हुआ व्यापक तबादला

जारी आदेश के मुताबिक इस कार्रवाई में 3 असिस्टेंट कमिश्नर सहित कुल 162 अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। इनमें 58 सेक्शन ऑफिसर ग्रेड-1, 22 असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर ग्रेड-2, 74 सीनियर असिस्टेंट ग्रेड-3 और 5 जूनियर असिस्टेंट ग्रेड-4 शामिल हैं।

विभाग में मचा हड़कंप, प्रशासन सख्त

अचानक हुए इस बड़े स्तर के तबादलों के बाद विभाग में हड़कंप का माहौल है। इसे प्रशासन की सख्ती और पारदर्शिता की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भी विभागीय कामकाज को लेकर निगरानी और सख्त की जा सकती है।