हरियाणा

आधी रात को दिखा 14 फीट लंबा विशालकाय अजगर, मचा हड़कंप; वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

यमुनानगर: रात के अंधेरे में मुकारोपुर पुल के पास करीब 14 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन्य प्राणी विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

सूचना मिलने के बाद वन्य जीव रक्षक प्रदीप और डारपुर बीट इंचार्ज प्रदीप ने रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली। टीम रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंची। करीब 14 फीट लंबे अजगर को देखते हुए टीम ने बेहद सावधानी से उसे काबू करने की प्रक्रिया शुरू की।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन्य जीव विहार क्षेत्र में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन्यजीव दिखे तो विभाग को सूचना देने की अपील

वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आबादी वाले क्षेत्र में कोई भी वन्यजीव दिखाई दे तो उसके साथ छेड़छाड़ न करें और न ही उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।