उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में महिला को सरेराह पकड़कर अभद्रता, विरोध करते ही भागा आरोपी; CCTV में कैद पूरी घटना

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कस्बे में सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक महिला के साथ कथित तौर पर अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में महिला को अकेला देखकर एक युवक ने उसका पीछा किया और मौका पाकर उसे पकड़ लिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया। पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

15 सितंबर की सुबह की बताई जा रही घटना

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। महिला रोज की तरह सुबह टहलने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक कथित तौर पर उसका पीछा करने लगा। सुनसान रास्ता मिलने पर उसने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा।

महिला ने तुरंत विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से भाग निकला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की यह हरकत रिकॉर्ड हो गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के बाद खतौली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित

सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे महिला से अभद्रता के वीडियो का पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है और मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है और उसकी तलाश में कार्रवाई जारी है।