हिमाचल प्रदेश

कसोल के होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की रेड, रसोई में मिलीं 15 एक्सपायरी चीजें; संचालक पर केस दर्ज

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी कसोल के एक होटल में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान होटल की रसोई में 15 तरह की खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की मिली। पर्यटकों और आम लोगों की सेहत से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने होटल संचालक के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट की धारा 58 के तहत मामला दर्ज किया है।

इन खाद्य सामग्रियों की हुई बरामदगी

जांच के दौरान टीम को सूजी, ओट्स, बूंदी, ग्रीन चिली सॉस, सोया सॉस, नूडल्स, सांभर मसाला, मीडियम मसाला पापड़, मिक्स्ड फ्रूट जैम और राइस इडली समेत 15 तरह की एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। इनमें से कई सामान चाइनीज फूड और दूसरे व्यंजन तैयार करने में इस्तेमाल किए जाते हैं।

विभाग की टीम ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही सभी एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नष्ट कर दिया।

आटा और काली मसूर की दाल के सैंपल लिए

जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अनिल शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एक्सपायरी सामान को नष्ट करने के साथ होटल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा टीम ने संदेह के आधार पर होटल से आटा और काली मसूर की दाल के सैंपल भी लिए हैं। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पतलीकूहल की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

कसोल में हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और होटल व ढाबों में भोजन करते हैं। ऐसे में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का इस्तेमाल जनस्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

इससे पहले जिले के पतलीकूहल क्षेत्र के एक स्कूल में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया था। वहां खराब चीनी से बनी खीर खाने के बाद करीब तीन दर्जन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग होटलों और शिक्षण संस्थानों की कैंटीन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।