हरियाणा

हरियाणा में ACB का बड़ा एक्शन, लाइसेंस के बदले 40 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

रोहतक: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिस (ZMEO), नई अनाज मंडी रोहतक में तैनात क्लर्क राकेश को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में ब्यूरो के रोहतक थाने में 17 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अभियोग संख्या 28 दर्ज किया गया है।

लाइसेंस बनवाने के बदले मांगी थी रिश्वत

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनकी नरेला में एग्रो फूड कंपनी है। उन्होंने पानीपत मार्केट कमेटी के तहत एक जोन का लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन से जुड़ी फाइल तैयार कर मार्केट कमेटी में जमा कराई गई थी। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए फाइल को ZMEO कार्यालय, रोहतक भेजा गया था।

फाइल की स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ता जब ZMEO कार्यालय पहुंचे तो वहां तैनात क्लर्क राकेश ने लाइसेंस बनवाने के बदले कथित तौर पर उनसे 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलते ही ACB ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और कार्रवाई के लिए रेडिंग पार्टी गठित की। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। ब्यूरो के मुताबिक, क्लर्क राकेश को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और ब्यूरो रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई का दावा

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।