लुधियाना में चलती Swift कार बनी आग का गोला, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान; कुछ ही मिनटों में जलकर खाक
लुधियाना: चीमा चौक और सूफिया चौक के बीच वीरवार रात एक चलती Swift कार में अचानक भीषण आग लग गई। बोनट से धुआं और लपटें निकलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती कार से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और 2019 मॉडल की डीजल Swift जलकर लोहे के ढांचे में बदल गई। इस दौरान चालक का सड़क पर गिरा महंगा मोबाइल फोन भी एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर उठाकर ले गया।
बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने लगाई छलांग
कार चालक आशु, निवासी हरगोविंद नगर, ने बताया कि वह निजी काम से चीमा चौक की तरफ से आ रहा था। जनकपुरी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। शुरुआत में आग धीमी थी, लेकिन कुछ ही पलों में लपटें तेजी से फैलने लगीं।
खतरा भांपते हुए आशु ने तुरंत कार रोकी और बाहर छलांग लगा दी। इसके बाद उसने सड़क पर शोर मचाकर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों से मदद मांगी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ऑटो चालक और फैक्ट्री कर्मचारियों ने बुझाने की कोशिश की
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने अपना वाहन रोक दिया। उसने ऑटो में रखा अग्निशमन यंत्र निकालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद पास की एक फैक्ट्री से 3-4 बड़े अग्निशमन सिलेंडर भी मंगवाए गए।
लोगों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग लगातार फैलती गई। देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई।
आग की अफरा-तफरी में मोबाइल फोन भी गायब
आशु ने बताया कि जान बचाने के लिए कार से बाहर निकलते समय हड़बड़ाहट में उसका महंगा मोबाइल फोन सड़क पर कार के पास गिर गया था। आरोप है कि आग की भयावहता और मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वहां मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठा लिया और फरार हो गया।
दमकल पहुंचने में देरी का आरोप, पुलिस ने ट्रैफिक संभाला
स्थानीय लोगों और जनकपुरी पुलिस चौकी के कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। आशु का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बची हुई आग को पूरी तरह बुझाया। पुलिस चौकी जनकपुरी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को डायवर्ट किया। चालक के समय रहते कार से बाहर निकल जाने के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है और मामले की कानूनी पड़ताल जारी है।
