मध्य प्रदेश

चलती स्कूल वैन का अचानक खुला दरवाजा, सड़क पर गिरा 10 साल का मासूम; इलाज के दौरान मौत

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में चलती स्कूल वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय छात्र सड़क पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान टीकर निवासी दिनेश यादव के 10 वर्षीय बेटे जीत यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और इलाके में शोक का माहौल है।

स्कूल से घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था। रोज की तरह स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह तूफान वैन से घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक वैन का दरवाजा खुल गया, जिससे जीत अपना संतुलन खो बैठा और चलती वैन से सीधे सड़क पर जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद घायल जीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। जीत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना विजयराघवगढ़ थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

चालक की लापरवाही से लेकर वाहन की फिटनेस तक जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की भूमिका समेत सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद सड़क पर चक्काजाम

मासूम की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।