मध्य प्रदेश

सागर में जहरीली शराब से 28 मौतों के बीच बड़ा फैसला, आज से फिर खुलेंगी सातों शराब दुकानें

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को तीन और लोगों की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इसी बीच प्रशासन ने उन सातों शराब दुकानों को दोबारा खोलने का आदेश जारी कर दिया है, जहां से कथित तौर पर जहरीली शराब की आपूर्ति हुई थी।

इन शराब ब्रांड की बिक्री पर रोक जारी

प्रशासन के आदेश के मुताबिक संदिग्ध बाम्बे व्हिस्की और गोल्ड ब्रांड की शराब की बिक्री पर रोक जारी रहेगी। बताया गया है कि इन्हीं शराब के सेवन के बाद लोगों की मौत हुई है। प्रशासन के आदेश के बाद बाकी शराब दुकानों को खोलने का रास्ता साफ हो गया है।

50 से ज्यादा मरीज अब भी अस्पताल में भर्ती

जहरीली शराब कांड के बाद अब भी 50 से अधिक लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, रात तक 13 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस घटना के बीच सात शराब दुकानों को फिर से खोलने के प्रशासनिक आदेश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।