हरियाणा

NCR में हाईवे-एक्सप्रेसवे किनारे अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर, होटल-ढाबों से लेकर अवैध कट तक की होगी जांच

पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे किए गए अवैध कब्जों और नियमों के विपरीत हुए निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, केएमपी और केजीपी एक्सप्रेसवे के किनारे बने होटल, ढाबे और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने संयुक्त कार्यबल का गठन किया है। यह कार्रवाई केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद की जा रही है।

तीन दिन में मांगी गई रिपोर्ट

उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने मंगलवार को संयुक्त कार्यबल का गठन कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। टीम एनएच-44, केएमपी और केजीपी गलियारे का निरीक्षण करेगी। इस दौरान सरकारी जमीन, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर हुए अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों को चिह्नित किया जाएगा। संबंधित एसडीएम अभियान की निगरानी करेंगे, जबकि जिला नगर योजनाकार को सदस्य सचिव बनाया गया है। पुलिस, राजस्व, परिवहन, बिजली निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी विभाग के अधिकारी भी टीम में शामिल हैं।

नियम टूटे तो सीलिंग के साथ लाइसेंस भी रद्द हो सकता है

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सील किया जा सकता है। इसके साथ ही लाइसेंस या अनुमति को निलंबित अथवा रद्द करने की कार्रवाई भी होगी। शराब की दुकानों, अहातों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास हुए अतिक्रमण की भी जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस या नियमों के विपरीत संचालित वाहनों पर भी कार्रवाई होगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण और कार्रवाई के बाद तीन दिन में अनुपालन रिपोर्ट देनी होगी। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

डिवाइडर और सड़क किनारे बनाए गए अवैध कट भी निशाने पर

अभियान के दौरान हाईवे और एक्सप्रेसवे के डिवाइडर तथा सड़क किनारे बनाए गए अवैध कट की भी जांच होगी। कई जगह प्रतिष्ठानों तक पहुंचने के लिए नियमों के विपरीत सड़क या डिवाइडर की कटिंग कर दी जाती है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक आवाजाही बढ़ने के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। संयुक्त कार्यबल ऐसे सभी स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए सूची तैयार करेगा।

अवैध पार्किंग पर भी होगी सख्ती

राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे के किनारों, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर बेतरतीब खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। टीम ऐसे स्थानों की पहचान करेगी, जहां अनधिकृत तरीके से वाहनों की पार्किंग की जा रही है।

अवैध बिजली-पानी कनेक्शन भी जांचे जाएंगे

प्रशासन यह भी पता लगाएगा कि अनधिकृत निर्माण और प्रतिष्ठानों में बिजली तथा पानी की सुविधा किस तरह पहुंच रही है। यदि किसी स्थान पर अवैध कनेक्शन मिला तो संबंधित विभाग कार्रवाई करेंगे। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम समेत अन्य विभाग अपने अधिकार क्षेत्र में कार्रवाई करेंगे। अभियान में विभिन्न विभागों को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सात दिन पहले केएमपी पर हुआ था बड़ा हादसा

करीब सात दिन पहले कुंडली-मानेसर-पलवल मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई थी। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे में शामिल सभी लोगों के उत्तर प्रदेश के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई थी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।