मां की हत्या कर किचन के फर्श के नीचे दफनाया शव, ऊपर से करा दी सीमेंट की चुनाई; बेटा फरार
नई दिल्ली। ओडिशा के पुरी से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां की हत्या करने के बाद उसके शव को किराए के मकान की रसोई के फर्श के नीचे दफना दिया। शव छिपाने के लिए उसके ऊपर सीमेंट की नई परत भी चढ़ा दी गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब रसोई से लगातार दुर्गंध आने लगी और बुजुर्ग महिला कई दिनों से नजर नहीं आई। वहीं, महिला का बेटा भी अचानक घर से गायब हो गया था।
दो महीने से किराए के मकान में रह रहे थे मां-बेटा
मामला पुरी शहर के कुंभारापाड़ा इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला अपने बेटे के साथ करीब दो महीने से किराए के मकान में रह रही थी। पड़ोसियों ने बताया कि महिला कई दिनों से दिखाई नहीं दे रही थी। शुरुआत में किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब रसोई से तेज दुर्गंध आने लगी और बेटा भी अचानक मकान छोड़कर चला गया तो मकान मालिक को शक हुआ।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक टीम को भी मौके पर बुलाया और घर की जांच शुरू की।
नए सीमेंट वाले हिस्से ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस की नजर रसोई के फर्श के एक ऐसे हिस्से पर पड़ी, जो बाकी जगहों की तुलना में नया दिखाई दे रहा था और उस पर सीमेंट की ताजा परत चढ़ी हुई थी। पुलिस ने इस हिस्से को तोड़कर जांच करने का फैसला किया।
सीमेंट की परत हटाने के बाद फर्श के नीचे बुजुर्ग महिला का सड़ा-गला शव दफन मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की आधिकारिक पहचान और मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की उम्मीद है।
बेटे पर हत्या का शक, वारदात के बाद फरार
पुलिस को आशंका है कि महिला के बेटे ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद शव को घर के अंदर छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। घटना के बाद से बेटा फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और हत्या की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के पीछे कोई पारिवारिक विवाद था या फिर हत्या की कोई दूसरी वजह थी।
मां भीख मांगकर करती थी गुजारा
मकान मालकिन मनोरमा साहू के मुताबिक मां और बेटा करीब दो महीने से उनके मकान में रह रहे थे। महिला पिछले कई दिनों से नजर नहीं आई थी और उसका बेटा भी अचानक वहां से चला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बेटा जगन्नाथ भजनों से जुड़े एक स्टूडियो में काम करता था, जबकि उसकी मां भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी।
पड़ोसियों ने मां और बेटे के बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है। ऐसे में घर के अंदर महिला का शव दफन मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल
पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के मुताबिक मामले की जांच के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है। घटनास्थल से फोरेंसिक सैंपल भी जुटाए गए हैं। पुलिस हत्या की वजह का पता लगाने के साथ फरार बेटे की तलाश कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मां-बेटे ने मकान किराए पर लेते समय कौन-कौन से दस्तावेज दिए थे और उनकी पहचान से संबंधित क्या जानकारी मकान मालिक के पास मौजूद है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
