बिहार

बिहार में जल्द बनेगी फिल्म सिटी, भोजपुरी से मैथिली तक इन भाषाओं में फिल्मों को मिलेगा बढ़ावा; CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

पटना: बिहार में फिल्म निर्माण को नई रफ्तार देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में फिल्म सिटी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने भोजपुरी फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों से इसके लिए मिलकर उपयुक्त जगह चिन्हित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं में अभिनय, निर्देशन, लेखन, संगीत और फिल्म निर्माण के दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की पूरी प्रतिभा है। सरकार उन्हें बेहतर अवसर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिल्म सिटी के लिए जगह तलाशने की अपील
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार अब बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का राज्य में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह धरती है जिसने करीब 2000 वर्ष पहले भारत के स्वर्णिम काल में महत्वपूर्ण योगदान दिया। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान का प्रसार हुआ।
भोजपुरी के साथ इन भाषाओं में भी बनेंगी फिल्में
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक तरीके से दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। राज्य में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार की ओर से सहमति दी जा चुकी है। अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अक्टूबर से बिहार में फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजपुरी के अलावा अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में भी फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने फिल्म जगत से जुड़े लोगों को भरोसा दिया कि सरकार इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी।
फिल्मों के जरिए दुनिया तक पहुंचेगी बिहार की संस्कृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना सरकार के साथ-साथ सभी लोगों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास पर भी काम चल रहा है।
बेहतर सड़क संपर्क से पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले की तुलना में आसान हुई है। सरकार चाहती है कि इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए बिहार में अधिक से अधिक फिल्म निर्माण हो और राज्य की कला एवं संस्कृति दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचे।
कलाकार बिहार की सकारात्मक छवि को दुनिया तक पहुंचाएं
सम्राट चौधरी ने कलाकारों से बिहार की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने और राज्य की संस्कृति को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कलाकार बिहार की संस्कृति के ब्रांड एंबेसडर बनकर इसकी पहचान को देश-दुनिया में मजबूत कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक आलोक कुमार सिंह, अभिनेता पवन सिंह, विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, अभिनेता दिनेश लाल यादव समेत सीता लक्ष्मी वी अय्यर, आम्रपाली, काजल राघवानी, पाखी हेगड़े और शुभांकर मिश्रा मौजूद रहे।