खरगोन में नर्सिंग छात्रों का फूटा गुस्सा, बैरिकेडिंग तोड़ सांसद कार्यालय पहुंचे; 6 दिन से जारी है प्रदर्शन
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन में लंबित परीक्षाएं कराने और नर्सिंग की डिग्री पूरी कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। करीब छह दिन से धरने पर बैठे सैकड़ों विद्यार्थियों ने बिस्टान रोड से लगभग दो किलोमीटर तक रैली निकाली और सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग हटा दी और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
छह साल में भी पूरी नहीं हुई चार साल की डिग्री
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि नर्सिंग की चार साल में पूरी होने वाली डिग्री छह साल बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। परीक्षाएं लंबित होने के कारण उनकी पढ़ाई और करियर प्रभावित हो रहा है। छात्रों का कहना है कि वे पिछले छह दिनों से अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर बिस्टान रोड से निकले। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर सांसद कार्यालय की ओर कूच किया।
बैरिकेडिंग हटाकर सांसद कार्यालय पहुंचे छात्र
छात्र सांसद गजेंद्र सिंह पटेल से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखना चाहते थे। एसडीएम कार्यालय के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। हालांकि छात्रों ने बैरिकेडिंग हटा दी और आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।
इसके बाद प्रदर्शनकारी सांसद कार्यालय के बाहर पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई, तहसीलदार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सांसद से मुलाकात नहीं होने पर नाराजगी
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि गुरुवार को सांसद गजेंद्र सिंह पटेल खरगोन में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने विद्यार्थियों से मुलाकात नहीं की। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
करीब एक घंटे तक सांसद कार्यालय के बाहर छात्रों का धरना जारी रहा। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांसद के नाम अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उनकी निजी सहायक को सौंपा। ज्ञापन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
लंबित परीक्षाएं कराने और डिग्री पूरी कराने की मांग
छात्रों ने मांग की है कि नर्सिंग की लंबित परीक्षाएं जल्द कराई जाएं और उनकी डिग्री पूरी कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षाओं और डिग्री में लगातार हो रही देरी से उनका महत्वपूर्ण समय बर्बाद हो रहा है और भविष्य की योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
