उत्तर प्रदेश

हापुड़ में गौरव त्यागी हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, 25 हजार का था इनाम; पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस ने गौरव त्यागी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रदीप को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।

पुरानी जमीनी रंजिश में हुई थी गौरव की हत्या

पुलिस के अनुसार प्रदीप पुत्र राजबीर ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर, थाना बाबूगढ़ का रहने वाला है। वह 18 अगस्त को पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर गौरव त्यागी की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। आरोप है कि प्रदीप ने अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर गौरव त्यागी पर हथौड़े और सरियों से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में हापुड़ देहात थाने में कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी पर घोषित था 25 हजार रुपये का इनाम

हत्याकांड के बाद से प्रदीप लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद हुई है।

कार पेड़ से टकराई तो आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग

हापुड़ की डीएसपी अनीता चौहान ने बताया कि देहात थाना पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के मुताबिक चालक ने कार रोकने के बजाय उसे तेज गति से दौड़ा दिया। कुछ दूरी पर कार पेड़ से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपी प्रदीप बाहर निकला और भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

फिरोजाबाद में तीन शातिर चोर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में भी पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। टूंडला के सीओ अरुण कुमार चौरसिया के अनुसार थाना मक्खनपुर और थाना नारखी की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक इस दौरान दो आरोपियों अनुज और मिथुन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तीनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, बाइक और 10 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई।