उत्तर प्रदेशलखनऊ

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: 100 साल पुराना मकान ढहा, AC रूम में सो रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; सीएम योगी ने लिया संज्ञान

प्रतापगढ़ / लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में एक 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक जमींदोज हो गया। इस भीषण हादसे के वक्त घर के वातानुकूलित (AC) कमरे में परिवार के 7 सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और पूरा मकान उनके ऊपर आ गिरा।

मकान का मलबा गिरते ही चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते AC रूम परिवार के लिए कब्रगाह बन गया। मलबे के नीचे दबे 7 लोगों में से 6 की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है।

मलबे में दबा परिवार, मासूमों समेत 6 की गई जान

स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात में अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ दो मंजिला पुराना मकान ढह गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग राहत कार्य के लिए दौड़े और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

यह भी पढ़ें :AAP के पूर्व विधायक कुलदीप कुमार को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 5 साल पुरानी दो FIR रद्द

मलबे से सभी 7 लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में माता-पिता, बेटा-बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। एक अन्य घायल सदस्य का इलाज अस्पताल में जारी है। मृतकों की पहचान पिता प्रमोद श्रीवास्तव, माता रीता, बेटा नितिन, बहू माधुरी, मासूम नाती माधो और अद्विक के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का तुरंत संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

प्रशासन और अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देश

राहत कार्य में तेजी: वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। हादसे में घायल हुए व्यक्ति के त्वरित और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए गए। प्रभावित परिवार से तत्काल संपर्क स्थापित कर उन्हें हर संभव सरकारी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायल के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

यह भी पढ़ें :E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले- ‘ट्रम्प के दबाव में सरकार जनता पर थोप रही इथेनॉल’