मध्य प्रदेश

ढाई साल में बदली विकास की तस्वीर! सीएम मोहन यादव बोले- राज्य हित में मिली कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान प्रदेश के हित में कई महत्वपूर्ण वृहद परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि इनमें केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल जैसी अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही उद्योगों में निवेश बढ़ा है और किसानों के हित में भी कई अहम कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में डिफेंस कॉरिडोर और ग्वालियर में टेलीकॉम जोन को स्वीकृति मिल चुकी है। पदोन्नतियों, भर्तियों, समान नागरिक संहिता विधेयक, वन्य प्राणी संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहस, विनम्रता और सहनशीलता के गुणों के साथ देश के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हैं और वे उनके आदर्श हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होटल ताज लेकफ्रंट में एक टीवी चैनल को दिए गए विशेष साक्षात्कार में विभिन्न सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़कर एक लाख 69 हजार रुपये हो गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बीते ढाई वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं और आने वाले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना होने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

युवाओं के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट पर कही बड़ी बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में मध्यप्रदेश सरकार ने चार बड़े शहरों में ऐसे फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है।

औद्योगिक विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए उद्यमशीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बड़े उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए नई औद्योगिक नीतियां बनाई गई हैं। साथ ही निजी क्षेत्र को उद्योगों के लिए श्रमिक और वेतन सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी विकसित की गई है।

साक्षात्कार के दौरान गुरुओं का किया सम्मान

मुख्यमंत्री ने इस विशेष साक्षात्कार के दौरान अपने विद्यार्थी जीवन, नाटकों में अभिनय, अध्ययन के प्रति रुचि और गुरुओं से मिले मार्गदर्शन के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में मौजूद अपने गुरु गोपाल शर्मा और पद्मभगवती लाल राजपुरोहित का उन्होंने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में टीवी चैनल की ओर से प्रबंध निदेशक ज्योति कमल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार राम तिवारी, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।