राशन कार्डधारकों के लिए बड़ी खबर! अगस्त-सितंबर का राशन एक साथ मिलेगा, सरकार ने जारी किए नए निर्देश
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र हितग्राहियों को राहत देते हुए अगस्त और सितंबर महीने की राशन सामग्री का एकमुश्त वितरण करने का फैसला लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोनों महीनों का राशन 31 अगस्त तक लाभार्थियों को उचित मूल्य की दुकानों से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत राशन उठाव पूरा कर सभी दुकानों में भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
31 अगस्त तक मिलेगा दो महीने का राशन
खाद्य मंत्री ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को अगस्त और सितंबर की राशन सामग्री एक साथ वितरित की जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वितरण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
अंत्योदय और प्राथमिकता परिवारों को मिलेगा निर्धारित राशन
अंत्योदय अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति परिवार 35 किलोग्राम राशन, जिसमें गेहूं और चावल शामिल हैं, उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्राथमिकता परिवार श्रेणी के लाभार्थियों को प्रति सदस्य 5 किलोग्राम राशन दिया जाएगा। दोनों श्रेणियों के प्रत्येक परिवार को एक किलोग्राम नमक भी उपलब्ध कराया जाएगा।
दो बार होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
राशन वितरण के दौरान पीओएस मशीन पर अगस्त और सितंबर दोनों महीनों की सामग्री जारी करते समय लाभार्थियों का दो बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। इससे वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
समय पर दुकानों तक पहुंचेगा राशन
मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत अनुबंधित परिवहनकर्ताओं के माध्यम से उचित मूल्य की दुकानों तक राशन सामग्री समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जीपीएस के जरिए परिवहन व्यवस्था की निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उचित मूल्य की दुकानों पर राशन सामग्री के भंडारण और वितरण की नियमित निगरानी की जाए। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
