Saturday, June 20, 2026
उत्तराखंड

उत्तराखंड कैबिनेट में शोक प्रस्ताव: पूर्व CM भुवन चंद्र खंडूड़ी और निशानेबाज जसपाल राणा को दी गई श्रद्धांजलि

देहरादून: उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में गुरुवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और देश के प्रख्यात निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक की शुरुआत दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

बैठक में मौजूद मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों महान हस्तियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रदेश के विकास और सुशासन में रहा खंडूड़ी का अहम योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में पारदर्शी प्रशासन और जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जसपाल राणा ने खेल जगत में बढ़ाया देश का गौरव

मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा के दम पर देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। निशानेबाजी के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

‘दोनों विभूतियों का योगदान सदैव रहेगा स्मरणीय’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और जसपाल राणा का योगदान समाज, प्रदेश और राष्ट्र के लिए अमूल्य रहा है। उनके कार्यों और उपलब्धियों को हमेशा सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाएगा।