बिहार

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे का मेगा प्लान! 38 स्पेशल ट्रेनें दौड़ेंगी, लाखों अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत

पटना: बिहार में 17 जून को आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे ने व्यापक तैयारी की है। अभ्यर्थियों की सुविधा और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व मध्य रेल ने कुल 38 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इससे राज्य के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, विशेष ट्रेनों का संचालन परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए किया जा रहा है। इनमें समस्तीपुर रेल मंडल से ही 12 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

कई जिलों में बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र

समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और सुपौल जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे ने दोपहर और शाम के समय विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है।

इन प्रमुख स्टेशनों से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रेल प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बेतिया, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा, सीतामढ़ी, मधेपुरा और पूर्णिया कोर्ट स्टेशनों से हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र और सिवान के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव भी करेंगी ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके।

स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम

रेलवे ने सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने, वैध टिकट के साथ यात्रा करने और रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

जरूरत पड़ने पर बढ़ाई जाएगी ट्रेनों की संख्या

मुजफ्फरपुर स्टेशन प्रशासन ने भी अतिरिक्त तैयारी की है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जबकि एक खाली रैक रिजर्व रखा गया है। यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक होती है तो तीसरी विशेष ट्रेन भी चलाई जा सकती है।

एक अन्य ट्रेन का समय भी बदला गया

रेलवे ने ट्रेन संख्या 05573 सरायगढ़-देवघर एक्सप्रेस को भी पुनर्निर्धारित किया है। यह ट्रेन अब दोपहर एक बजे देवघर के लिए रवाना होगी। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान यात्रियों की सुविधा और संचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

रेलवे प्रशासन का दावा है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा को सुरक्षित, आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।