Thursday, May 14, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा में नया कीर्तिमान, एक ही दिन में 80 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन, अब तक 13 लाख से अधिक पहुंचे धाम

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बनाती नजर आ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार से अधिक पहुंच चुकी है, जबकि केवल केदारनाथ धाम में ही आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिल रहा है।

केदारनाथ में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड तोड़ उत्साह
केदारनाथ धाम में 22 दिनों के भीतर ही 5 लाख 23 हजार से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं एक ही दिन में 80 हजार 401 श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। इनमें अकेले केदारनाथ में 32 हजार 423 भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए।

चारों धामों में उमड़ा आस्था का सैलाब
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में 13 मई तक कुल 12 लाख 60 हजार 478 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ में 5,23,582, बद्रीनाथ में 3,24,081, गंगोत्री में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं।

भारी भीड़ के बीच प्रशासन सतर्क, सुरक्षा पर खास ध्यान
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम की कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार मौसम की परिस्थितियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रतिकूल स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

डिजिटल मॉनिटरिंग और भीड़ प्रबंधन प्रणाली लागू
सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्लॉट प्रबंधन प्रणाली और रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

केदारनाथ पुनर्निर्माण से बढ़ा आकर्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप दिव्य और भव्य हो गया है। पैदल मार्ग और बुनियादी सुविधाओं के बेहतर होने से यात्रियों की सुविधा में भी सुधार हुआ है, जिससे तीर्थयात्रियों का उत्साह और बढ़ा है।

पिछले वर्षों में भी बना मजबूत रिकॉर्ड
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 से 2025 के बीच कुल 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इनमें 2022 में 15,64,248, 2023 में 19,58,863, 2024 में 16,53,581 और 2025 में 17,68,795 श्रद्धालु शामिल हैं।

सरकार का दावा, हर परिस्थिति के लिए तैयार व्यवस्था
सरकार का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम निगरानी के लिए विशेष तंत्र स्थापित किया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।