यूपी में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे दंपती और दो मासूम बच्चों की मौत, बोलेरो की टक्कर से उजड़ा पूरा परिवार
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुवायां क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों—पति, पत्नी और उनके दो छोटे बच्चों—की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक का माहौल है। हादसा पुवायां-शाहजहांपुर स्टेट हाईवे पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल फ्लाईओवर के पास करीब सुबह 11 बजे हुआ।
गलत दिशा में गई बाइक, सामने से आ रही बोलेरो से सीधी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, निगोही थाना क्षेत्र के रामनगर बगिया मोहल्ले के रहने वाले 35 वर्षीय अरुण धोबी अपनी पत्नी सीमा (32), बेटी दीक्षा (10) और तीन साल के बेटे नैतिक के साथ पुवायां में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पुवायां बाईपास पर उनकी बाइक अचानक गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर तीन की मौत, अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि अरुण, उनकी बेटी दीक्षा और बेटे नैतिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पत्नी सीमा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुवायां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्षेत्राधिकारी प्रवीण मालिक ने बताया कि चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से निगोही क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
रायबरेली में भी हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा घायल
वहीं रायबरेली जिले में भी सड़क हादसे का एक और मामला सामने आया है। परशदेपुर चौकी क्षेत्र के जायस–सलोन मार्ग पर हौदहा तालाब के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, हाजीपुर गांव के ग्राम प्रधान रामसजीवन का करीब 28 वर्षीय पुत्र अमित अपने साले अभिषेक के साथ एक बारात से लौट रहा था। देर रात नसीराबाद की ओर से आते समय उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिषेक का इलाज जारी है।
