बिहार

मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बारात में गया पति लौटा तो पत्नी और दो बच्चों की लाश मिली; जमीन विवाद पर गहराया शक

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के शहबाजपुर मठ मोहल्ले में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। जमीन विवाद में संतोष साह के परिवार की पत्नी और दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पुलिस के लिए यह मामला बड़ी चुनौती बन गया है।

बारात में गया पति, लौटने पर घर में बिछा मिला मातम
पीड़ित संतोष साह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे उसकी पत्नी रीता से मोबाइल पर आखिरी बातचीत हुई थी। पत्नी ने मां उर्मिला देवी के फोन से कॉल कर पूछा था कि बारात निकली या नहीं। संतोष ने बताया कि वह बारात में जा रहा है और पत्नी से कहा कि जल्द लौट आएगा। मंगलवार सुबह जब वह साढ़े पांच बजे घर लौटा तो पत्नी और दोनों बच्चों के शव बेड पर पड़े मिले।

जमीन विवाद बना हत्या का शक, पहले से मिल रही थी धमकियां
संतोष साह ने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को चचेरे भाइयों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उसने बताया कि बीते दशहरा के समय से ही विवाद गहराया हुआ था और परिवार को निशाना बनाए जाने की आशंका थी। चार दिन पहले ही जमीन विवाद से जुड़ा कोर्ट का नोटिस भी परिवार को मिला था।

बगल के कमरे में सो रही थी देवरानी, नहीं लगी भनक
घटना के समय परिवार के दूसरे सदस्य, रंजीत साह उर्फ विक्की की पत्नी रिंकल कुमारी और उसके दो बच्चे, बगल के कमरे में सो रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें किसी भी घटना की जानकारी नहीं हुई। सुबह जब बाहर से दरवाजा बंद मिला और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो मामला सामने आया।

पहले आत्महत्या की अफवाह, बाद में हत्या का खुला शक
शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन परिवार के बयानों और परिस्थितियों ने इसे हत्या की ओर मोड़ दिया। तीनों शवों के गले में लाल फीते जैसे निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है।

पुलिस जांच में जुटी, दो महिलाएं हिरासत में
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल जमीन विवाद में परिवार के कुछ सदस्यों पर शक के आधार पर दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इलाके में तनाव, पुलिस की जांच तेज
इस ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जबकि परिजन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।