गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर में भव्य आयोजन, योगी आदित्यनाथ करेंगे विशेष पूजन, शिष्यों को देंगे आशीर्वाद
गोरखपुर: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में बुधवार को धार्मिक आस्था और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिलेगा। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशेष पूजन करेंगे। इसके साथ ही नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट अर्पित कर गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करेंगे। पूजन के बाद योगी आदित्यनाथ साधु-संतों और अपने शिष्यों को आशीर्वाद भी प्रदान करेंगे।
सुबह 5 बजे से शुरू होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का क्रम बुधवार सुबह 5 बजे से प्रारंभ होगा। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का विधिवत पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीनाथ जी को परंपरा के अनुसार रोट अर्पित किया जाएगा।
महंतों की समाधियों और देव विग्रहों का भी होगा पूजन
गुरु गोरखनाथ के विशेष पूजन के बाद मंदिर परिसर में स्थापित सभी देव विग्रहों, नाथपंथ के योगियों तथा ब्रह्मलीन महंतों की समाधियों पर भी विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों का समापन सामूहिक आरती के साथ होगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार यह पूरा कार्यक्रम सुबह लगभग 7 बजे तक चलेगा।
श्रीराम कथा की होगी पूर्णाहुति
गुरु पूजन के बाद सुबह लगभग 9 बजे से 11:30 बजे तक महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में 23 जुलाई से चल रही सप्तदिवसीय श्रीराम कथा की पूर्णाहुति होगी। इसके उपरांत आशीर्वचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
शिष्यों को मिलेगा गोरक्षपीठाधीश्वर का आशीर्वाद
धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ मंच से नाथपंथ के श्रद्धालुओं और अपने शिष्यों को आशीर्वाद देंगे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12:30 बजे से सहभोज और भंडारे का भी आयोजन किया गया है।
