UP Weather: यूपी में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में पारा 47.4°C पार; प्रयागराज-वाराणसी समेत 31 शहरों में 40 के ऊपर तापमान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। झुलसाने वाली धूप और गर्म पछुआ हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को 31 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि छह शहरों में पारा 44 डिग्री से अधिक रहा। सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक है।
प्रयागराज और वाराणसी भी टॉप गर्म शहरों में शामिल
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रयागराज में 45.5 डिग्री और वाराणसी में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सबसे गर्म शहरों की सूची में शीर्ष पांच में तीन शहर उत्तर प्रदेश के शामिल रहे, जिनमें बांदा, प्रयागराज और वाराणसी प्रमुख हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल इस भीषण गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं है और 27 अप्रैल के बाद ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।
ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा बांदा का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार बांदा में इससे पहले 30 अप्रैल 2022 को भी इतना ही तापमान दर्ज किया गया था। इससे पहले 29 अप्रैल 1979 को 46.7 और 28 अप्रैल 1993 को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इस बार बढ़ती गर्मी की मुख्य वजह निचले क्षोभ मंडल में सक्रिय गर्म पछुआ हवाएं बताई जा रही हैं, जिससे लू का प्रभाव और अधिक तीव्र हो गया है।
लू का बढ़ता प्रकोप, कई जिलों में उष्ण लहर का असर
तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में लू का प्रकोप बढ़ गया है। मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ के साथ-साथ हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, बांदा और प्रयागराज में उष्ण लहर की स्थिति दर्ज की गई है।
आगरा से लखनऊ तक तपिश का असर, कई शहरों में पारा 44 पार
शनिवार को झांसी में 44.8 डिग्री, आगरा में 44.5, हमीरपुर में 44.2, फुर्सतगंज में 44, सुलतानपुर में 44.1 और चुर्क में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कानपुर शहर में 43 डिग्री और बाराबंकी में 43.4 डिग्री पारा पहुंचा। राजधानी लखनऊ में 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।
मुरादाबाद मंडल भी गर्मी से बेहाल, संभल सबसे ज्यादा गर्म
मुरादाबाद मंडल में भी बैसाख की चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। संभल में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। मुरादाबाद में पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। रामपुर में भी 42 डिग्री तापमान के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि अमरोहा में 41 डिग्री तापमान के बावजूद उमस भरी गर्मी ने राहत नहीं दी।
हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट, सड़कों पर पसरा सन्नाटा
मौसम विभाग ने रविवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए लू के जारी रहने की चेतावनी दी है। हालात ऐसे रहे कि तेज गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम भी टालते नजर आए। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, जबकि ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ उमड़ती दिखी। लोग सिर और शरीर को पूरी तरह ढंककर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।
28 अप्रैल से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन तक भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। 27 अप्रैल से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है, हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। वहीं 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जब कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है और तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिल सकती है।
