अन्य राज्य

शिरडी से लौट रहे साईं भक्तों की पिकअप को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर! दो श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल

मुंबई: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में शिरडी से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे दो साईं भक्तों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

अधिकारियों के अनुसार हादसा धाराशिव जिले के येडशी स्थित अलानी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। तेज गति से आ रहे ट्रक ने श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन दो हिस्सों में बंट गया।

इलाज के दौरान दो श्रद्धालुओं ने तोड़ा दम

पुलिस के मुताबिक उमरगा तहसील के बोरी गांव निवासी छब्बू दूधभाटे (40) और बब्रुवान सूर्यवंशी (65) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

17 श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल 17 अन्य श्रद्धालुओं का धाराशिव के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

गुरु पूर्णिमा पर दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं का यह समूह उमरगा तहसील के बोरी गांव का रहने वाला था। सभी श्रद्धालु अहिल्यानगर जिले के शिरडी स्थित साईं मंदिर में पैदल दर्शन करने गए थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना के बाद वे पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।