उत्तराखंड

20 घंटे तक चला हाई प्रोफाइल ड्रामा! तहसील में घिरी रही विजिलेंस टीम, आखिर खाली हाथ लौटना पड़ा

सितारगंज: उत्तराखंड के सितारगंज तहसील परिसर में कथित रिश्वतखोरी के मामले को लेकर शुरू हुआ हाई प्रोफाइल घटनाक्रम करीब 20 घंटे बाद समाप्त हो गया। लंबे गतिरोध और प्रशासनिक स्तर पर चली बातचीत के बाद विजिलेंस टीम ने हिरासत में लिए गए वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा और संग्रह अमीन को मुक्त कर दिया। इसके बाद टीम भारी पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों कर्मचारियों को साथ लिए बिना तहसील परिसर से रवाना हो गई।

बुधवार को एक किसान की शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने तहसील परिसर में कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा और संग्रह अमीन को कथित रिश्वत लेने के आरोप में हिरासत में लिया था। कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और परिसर में धरने पर बैठ गए।

कर्मचारियों के विरोध से 20 घंटे तक फंसी रही विजिलेंस टीम

कर्मचारियों के विरोध के कारण विजिलेंस टीम करीब 20 घंटे तक तहसील परिसर से बाहर नहीं निकल सकी। इस दौरान पूरे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से राजस्व कर्मचारी भी सितारगंज पहुंच गए, जबकि वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी समर्थन में मौके पर पहुंचे।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।

एसडीएम की पहल के बाद निकला समाधान

गुरुवार सुबह उपजिलाधिकारी तुषार सैनी तहसील पहुंचे और राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारी नेताओं तथा विजिलेंस अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता की। लंबे मंथन और उच्चाधिकारियों से चर्चा के बाद गतिरोध समाप्त हुआ। इसके बाद विजिलेंस टीम ने दोनों कर्मचारियों को मुक्त किया और पुलिस सुरक्षा के बीच तहसील परिसर से रवाना हो गई।

राजस्व विभाग ने दी यह सफाई

उपजिलाधिकारी तुषार सैनी के अनुसार विभागीय अधिकारियों ने विजिलेंस टीम को बताया कि जिस धनराशि को रिश्वत बताया जा रहा था, वह राजस्व विभाग की वैधानिक ऋण वसूली प्रक्रिया के तहत प्राप्त की गई राशि थी। उनका कहना था कि विभागीय कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण कार्रवाई को अलग दृष्टिकोण से देखा गया।

उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई सक्षम स्तर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

जांच अभी जारी, अंतिम फैसला बाकी

विजिलेंस टीम के प्रभारी प्रभात कुमार ने कहा कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण पर अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकेगा।