Thursday, April 23, 2026
मध्य प्रदेश

रीवा के होटल में प्रेमी जोड़े की संदिग्ध मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; पारिवारिक रिश्ते में भतीजी लगती थी युवती

रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक होटल के बंद कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक सतना जिले के बेला के रहने वाले हैं और आपस में पारिवारिक रिश्तेदार हैं। प्रथम दृष्टया जहर खाकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है, आखिर इस कथित सुसाइड के पीछे की असली वजह क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

पूरा मामला रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत, रिंग रोड स्थित होटल दा एंपायर एंड जनमासा का है, जहां के एक कमरे में युवक युवती की लाश मिली है। मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय रवि साकेत के रुप में हुई है, जबकि युवती की पहचान काजल साकेत के रुप में हुई है।

पारिवारिक रिश्ते में भतीजी लगती है
दोनों मृतक सतना जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला के रहने वाले थे, दोनों के घर भी आसपास ही है, मृतक युवती युवक की पारिवारिक रिश्ते में भतीजी लगती है। युवक अपने घर से बुधवार को दोस्त की शादी में जाने की बात कहकर निकला था, युवक युवती ने बुधवार को यहां कमरा लिया था, मृतक युवक यहां अपने एक दोस्त के साथ आया था जो रात में होटल से चला गया था।

अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गई पुलिस
गुरुवार की दोपहर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल वालों को शक हुआ जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो, अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गई। बेड पर दोनों युवक युवती की लाश पड़ी हुई थी, और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।

दोनों ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली?
मृतकों के बैग की तालाशी से उसमें कीटनाशक मिला है, जिससे ये माना जा रहा है कि दोनों ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ दिख रहा है, दोनों के आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना की जानकारी लगने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।