यूपी में मानसून का जोरदार आगाज़, अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट; कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है और अब प्रदेशभर में अगले सात दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते सक्रिय हुए मानसून के कारण मंगलवार को कानपुर, अयोध्या, सोनभद्र समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है।
6 जुलाई तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के अनुसार 30 जून से 6 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 30 जून से 2 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
अब तक 59 प्रतिशत कम बारिश, लेकिन जल्द भरपाई के संकेत
प्रदेश में अब तक सामान्य से 59 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में बारिश की कमी तेजी से पूरी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अधिक तेज रहने के संकेत भी मिल रहे हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव, कई जिलों में राहत तो कुछ में गर्मी जारी
पिछले 24 घंटे में हरदोई सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। वहीं दूसरी ओर आगरा में 42.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। कानपुर, अलीगढ़ और बांदा जैसे जिलों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।
तेज आंधी और वज्रपात से कई जगह हादसे, 7 लोगों की मौत
बारिश और तेज हवाओं के बीच प्रदेश के कई जिलों में हादसे भी सामने आए हैं। फिरोजाबाद में आंधी के दौरान ई-रिक्शा पर पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं बस्ती और महाराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और एक नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई।
मौसम विभाग की अपील, सतर्क रहें लोग
मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
