जांजगीर में तरबूज खाने के बाद बच्चे की मौत से हड़कंप, 3 अन्य बच्चे अस्पताल में भर्ती; कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
रायपुर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।
मामला जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट का है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को जिला चिकित्सालय जांजगीर रवाना किया।
गांव में मेडिकल टीम भेजी गई
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम जांजगीर ने मेडिकल टीम को गांव भेजकर संबंधित परिवार और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए। वहीं तहसीलदार को पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से गांव में स्वास्थ्य जांच अभियान भी शुरू कर दिया गया है ताकि किसी अन्य व्यक्ति में बीमारी के लक्षण सामने आने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
तरबूज और चिकन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
वहीं तीन अन्य बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित तरबूज के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच पूरी होने तक प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है और अन्य लोगों की भी स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील कर रहा है।
