प्रतीक यादव की मौत पर उठे गंभीर सवाल, सपा विधायक ने हाईकोर्ट के पूर्व जज से जांच की मांग, बोले- ‘यह सामान्य मौत नहीं’
लखनऊ: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत के बाद मामला अब राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बनता जा रहा है। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने प्रतीक यादव की मौत को संदिग्ध बताते हुए इसकी जांच उच्च न्यायालय के किसी पूर्व न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है।
बुधवार को लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
‘डॉक्टर ने कहा- यह सामान्य मौत नहीं’
लखनऊ मध्य सीट से विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि डॉक्टरों ने भी इस मौत को सामान्य नहीं माना है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पोस्टमार्टम की वजह पूछी तो डॉक्टरों ने बताया कि यह सामान्य मृत्यु नहीं है और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।
मेहरोत्रा ने कहा, “डॉक्टर का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें अस्पताल लाने में भी देरी हुई। ऐसे में हम मांग करते हैं कि इस पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के किसी पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराई जाए।”
परिवार के फैसले के अनुसार होगी आगे की कार्रवाई
सपा विधायक ने कहा कि प्रतीक यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई थे और परिवार जो भी निर्णय लेगा, उसी के अनुसार आगे कदम उठाए जाएंगे। हालांकि फिलहाल पार्टी की ओर से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए जांच बेहद जरूरी है, ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।
38 साल की उम्र में हुआ निधन
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। उनका पोस्टमार्टम लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में कराया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि परिवार जो फैसला करेगा, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने जांच की मांग पर सीधे तौर पर कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की।
