यूपी में मई के फ्री राशन वितरण का शेड्यूल जारी, 24 अप्रैल से 8 मई तक मिलेगा अनाज, कार्डधारक समय से उठाएं लाभ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मई माह के निशुल्क राशन वितरण की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार प्रदेश में मुफ्त राशन का वितरण 24 अप्रैल से शुरू होकर 8 मई तक चलेगा, जिससे करोड़ों लाभार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा।
कार्ड के अनुसार मिलेगा राशन, जानें किसे कितना अनाज
सरकारी योजना के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति परिवार 35 किलो राशन दिया जाएगा, जिसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल है। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो राशन मिलेगा, जिसमें 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल निर्धारित किया गया है।
सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक वितरण, शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर
लखनऊ के जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह के अनुसार राशन का वितरण रोजाना सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए कार्डधारक टोल फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी राशन दुकानों पर पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लाभार्थी किसी भी उचित दर की दुकान से राशन ले सकेंगे।
आधार नहीं तो ओटीपी से मिलेगा राशन, आखिरी दिन खास व्यवस्था
वितरण के अंतिम दिन यानी 8 मई को जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के जरिए भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
अब आईरिस स्कैन से भी होगा प्रमाणीकरण, कोटेदारों को निर्देश
खाद्यान्न वितरण ई-पॉश मशीनों के जरिए किया जा रहा है, जिसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के लिए उंगलियों के निशान का इस्तेमाल होता है। अब इसमें आईरिस स्कैनर की सुविधा भी जोड़ी गई है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक कोटेदार कम से कम 10 लाभार्थियों का आईरिस स्कैन के माध्यम से प्रमाणीकरण कर राशन वितरण सुनिश्चित करें, जिससे व्यवस्था और पारदर्शी हो सके।
प्रदेश में करोड़ों लाभार्थी, बड़ी आबादी को मिल रहा लाभ
प्रदेश में इस समय 3.62 करोड़ राशन कार्ड सक्रिय हैं, जिनसे करीब 14.68 करोड़ लाभार्थी जुड़े हुए हैं। इनमें 3.20 करोड़ से अधिक पात्र गृहस्थी परिवारों को प्रति सदस्य हर महीने 5 किलो राशन दिया जा रहा है, जबकि 40.82 लाख से अधिक अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति परिवार 35 किलो राशन मिलता है। अंत्योदय कार्ड गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को जारी किए जाते हैं, जबकि पात्र गृहस्थी कार्ड के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आय सीमा के आधार पर पात्रता तय की गई है।
