हरियाणा

नूंह में बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा का भव्य स्वागत, मुस्लिम समाज ने की पुष्पवर्षा; ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा इलाका

नूंह: हरियाणा के नूंह में बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के माहौल में संपन्न हो रही है। नल्हड़ महादेव मंदिर से शुरू हुई यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्तों ने जलाभिषेक के बाद झिर मंदिर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर स्वागत शिविर लगाए गए, जहां मुस्लिम समाज के लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, पेयजल और फलों की भी व्यवस्था की गई।

नल्हड़ महादेव मंदिर से शुरू हुई यात्रा

सोमवार सुबह से ही नल्हड़ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद दोपहर में बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा विधिवत रवाना हुई। यात्रा में हरियाणा सरकार के मंत्री गौरव गौतम, संत-महंत और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, पेयजल और विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई थी। भगवा ध्वज लेकर बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल हुए, जबकि प्रशासन और आयोजन समिति लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।

बसों और निजी वाहनों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों से हजारों श्रद्धालु बसों, निजी वाहनों और अन्य साधनों से नूंह पहुंचे। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। भजन-कीर्तन और जयघोषों के बीच श्रद्धालु अनुशासित तरीके से यात्रा में आगे बढ़ते रहे।

मुस्लिम समाज ने पेश की भाईचारे की मिसाल

यात्रा के दौरान कई स्थानों पर मुस्लिम समाज की ओर से स्वागत शिविर लगाए गए। स्थानीय निवासी रमजान, समीम, नदीम, ताहिर और उनके साथियों ने श्रद्धालुओं का फूल बरसाकर स्वागत किया। शिविरों में शर्बत, ठंडा पानी और फल भी वितरित किए गए।

स्थानीय लोगों ने कहा कि मेवात की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे और सम्मान की रही है और इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए यह पहल की गई है। श्रद्धालुओं ने भी इस स्वागत की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों का आभार जताया।

झिर मंदिर की ओर बढ़ रही यात्रा

नल्हड़ महादेव मंदिर से रवाना हुई यात्रा फिरोजपुर झिरका स्थित झिर मंदिर की ओर बढ़ रही है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जा रहा है। झिर मंदिर पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है यात्रा

बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही है।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नूंह-अलवर हाईवे पर सुबह से शाम तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। यात्रा नल्हड़ मंदिर से शुरू होकर गांव सिंगार में संपन्न होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 13 डीएसपी सहित करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।