Thursday, July 2, 2026
उत्तर प्रदेशलखनऊ

उन्नाव में मौत बनकर दौड़ी स्लीपर बस, कार को रौंदते हुए खाई में पलटी; 5 की दर्दनाक मौत, कई घायल

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हरियाणा से यात्रियों को लेकर बिहार लौट रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार को रौंदते हुए खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

बांगरमऊ थाना क्षेत्र में हुआ भीषण हादसा

यह हादसा बांगरमऊ थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, बिहार की स्लीपर बस हरियाणा से यात्रियों को लेकर वापस बिहार जा रही थी। इसी दौरान बांगरमऊ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस ने लखनऊ से आगरा की ओर जा रही एक कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसे रौंदते हुए खाई में जा गिरी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार सवार पांच लोगों की मौके पर मौत

हादसे में कार सवार अंजू, धुनमुन, चालक विनोद, 6 वर्षीय अंजूम और 13 वर्षीय अमृता की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल राहत कार्य में जुट गए।

घायलों को अस्पताल भेजा गया, कई की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस और कार से बाहर निकाला गया। कार में सवार चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि बस में सवार चार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

अधिकारी मौके पर पहुंचे, राहत कार्य की निगरानी

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जिलाधिकारी घनश्याम मीना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों की मौजूदगी में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर बढ़ी और सामने से आ रही कार को टक्कर मारते हुए पलट गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायलों का इलाज जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।