बिहार

मधेपुरा में मुखिया के प्रतिनिधि की दिनदहाड़े हत्या, बाइक से गिराकर 200 मीटर तक दौड़ाया; 10-12 राउंड फायरिंग

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले में सोमवार शाम 35 वर्षीय एक व्यक्ति की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नया टोला चौक पर हुई। मृतक की पहचान पुरैनी थाना क्षेत्र के योगीराज गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उन्हें बाइक से गिराया और इसके बाद करीब 200 मीटर तक पैदल दौड़ाकर 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं।

स्कूल की चहारदीवारी का काम देखने पहुंचे थे विकास

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पवन कुमार सिंह ने बताया कि विकास कुमार सोमवार दोपहर करीब 3 बजे नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे चहारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे जब वह वहां से वापस लौट रहे थे, तभी 5 से 7 बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने विकास को मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने करीब 200 मीटर तक उनका पीछा किया और दौड़ाकर उन पर 10 से 12 राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में विकास कुमार को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विकास को कुल कितनी गोलियां लगी थीं।

मुखिया के प्रतिनिधि के तौर पर संभालते थे काम

मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि मृतक की भाभी गांव की मुखिया हैं। विकास कुमार उनके प्रतिनिधि के तौर पर क्षेत्र में चल रहे अलग-अलग विकास कार्यों की निगरानी करते थे। इसी सिलसिले में वह सोमवार को स्कूल की चहारदीवारी निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

मृतक पर दर्ज थे 16 आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, विकास कुमार के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। उनके खिलाफ बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) भी लागू किया गया था। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। अज्ञात हमलावरों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है।