Thursday, April 23, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद दो कारों में लगी आग, 11 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

मिर्जापुर में बुधवार रात एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद दो कारों में भीषण आग लग गई, जिसमें 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 9 लोग जिंदा जल गए, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि कारें ट्रेलर में घुसीं, तुरंत लगी आग

पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश की ओर से आ रहे एक ट्रेलर के पीछे स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो कार चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे चना लदे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसीं और कुछ ही पलों में आग की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

बोलेरो में सवार 8 लोग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल थे। वहीं स्विफ्ट डिजायर में केवल चालक मौजूद था। हादसे के बाद दोनों कारों में सवार सभी लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

ट्रक के खलासी की भी गई जान, ड्राइवर की पहचान नहीं

इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई है। हालांकि ट्रक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार, मातम में बदली खुशियां

बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। वे मध्य प्रदेश के मैहर से मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहे थे। इस हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। वहीं स्विफ्ट डिजायर में सवार व्यक्ति सोनभद्र का निवासी बताया गया है।

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।