यूपी टेक्स-2026 का भव्य समापन, वस्त्र उद्योग को नई ऊंचाई देने में जुटी योगी सरकार; तकनीकी और रक्षा क्षेत्र पर खास जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख वस्त्र एवं परिधान विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में योगी सरकार के प्रयासों को यूपी टेक्स-2026 के आयोजन से नई मजबूती मिली है। लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि रहे, जबकि हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की गरिमामयी मौजूदगी रही। इस दौरान लेटर ऑफ कम्फर्ट, वित्तीय प्रोत्साहन राशि के चेक तथा औद्योगिक इकाइयों के साथ हुए एमओयू का आदान-प्रदान किया गया।
आयोजन के दूसरे दिन स्पोर्ट्स टेक्सटाइल्स, स्पोर्ट्स गुड्स, प्रोटेक्टिव एवं डिफेंस टेक्सटाइल्स, हस्तशिल्प निर्यात और टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। सत्रों में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं और वस्त्र क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गिनाईं वस्त्र क्षेत्र की संभावनाएं
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं और योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हथकरघा क्षेत्र को बाजार, संसाधन, सब्सिडी, प्रोत्साहन और सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से नई ताकत देने का काम किया है।
तकनीकी और रक्षा वस्त्रों के लिए अग्रणी गंतव्य बन रहा यूपी
हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश तकनीकी वस्त्र और रक्षा वस्त्र उद्योग के लिए देश के अग्रणी गंतव्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पूंजीगत अनुदान, रोजगार सृजन प्रोत्साहन, प्रशिक्षण सहायता तथा अनुसंधान एवं विकास सहयोग जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
स्पोर्ट्स टेक्सटाइल और स्पोर्ट्स गुड्स को लेकर बनी रणनीति
‘गेम प्लान यूपी : भारत के स्पोर्ट्स टेक्सटाइल एवं स्पोर्ट्स गुड्स पावरहाउस का निर्माण’ विषय पर आयोजित सत्र में प्रदेश की क्षमता और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन हुआ। वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर कालरा ने तकनीकी वस्त्रों को तेजी से विस्तार पाने वाला और उच्च मूल्य-वर्धित क्षेत्र बताया।
विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर प्रदेश को स्पोर्ट्स, प्रोटेक्टिव और डिफेंस टेक्सटाइल्स के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समर्पित क्लस्टर, उन्नत परीक्षण प्रयोगशालाएं, अनुसंधान एवं विकास केंद्र तथा मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करने की आवश्यकता है।
