उत्तराखंड

उत्तराखंड में 15 दिन गांव-गांव पहुंचेगी सरकार, सेवा पखवाड़े के तहत लगेंगे विशेष शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्यभर में 4 जुलाई से 18 जुलाई तक 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा अभियान चलाने जा रही है। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाना है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगेंगे शिविर

सेवा पखवाड़े के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों, ब्लॉकों और तहसीलों में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और नागरिकों की शिकायतों, समस्याओं तथा लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करेंगे।

इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

सरकारी योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

अभियान के दौरान विभिन्न विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएंगे। पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इसके अलावा सरकार की जनहितकारी उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि लोग सरकार की विभिन्न पहल और कार्यक्रमों से अवगत हो सकें।

मुख्य सचिव ने दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़ा अभियान को समयबद्ध, प्रभावी और व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित हों और अधिक से अधिक नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

पहले चरण वाले स्थानों पर नहीं लगेंगे दोबारा शिविर

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि अभियान के पहले चरण में जिन क्षेत्रों में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, वहां दोबारा शिविर नहीं लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य नए और अब तक वंचित क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ इस विशेष सेवा पखवाड़े का आयोजन कर रही है।