हरियाणा

‘नकली पगड़ी’ टिप्पणी पर CM सैनी का भगवंत मान पर हमला, बोले- गुरु साहिबानों और पंजाब की जनता से माफी मांगें

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ‘नकली पगड़ी’ वाली टिप्पणी को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास ‘संत कबीर कुटीर’ पर कई नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के बाद मीडिया से बातचीत में सैनी ने कहा कि पगड़ी उनके लिए गुरु साहिबानों के प्रति सम्मान, आस्था और विश्वास का प्रतीक है।

‘पगड़ी हमारे लिए आस्था और सम्मान का विषय’

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पगड़ी गुरु साहिबानों की ओर से दी गई परंपरा है और उनके लिए यह केवल पहनावे का हिस्सा नहीं, बल्कि आस्था और सम्मान से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गुरु साहिबानों की शिक्षाओं का पालन करते हुए काम कर रही है।

सैनी ने भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह पगड़ी को ‘नकली’ कह रहे हैं तो उन्हें उस जगह जाना चाहिए, जहां गुरु साहिबानों ने पगड़ी धारण की थी और वहां जाकर माफी मांगनी चाहिए।

‘पंजाब की जनता का अपमान किया है’

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान को पंजाब के लोगों से भी माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘नकली पगड़ी’ वाली टिप्पणी से पंजाब की जनता का अपमान हुआ है।

सैनी ने कहा कि मान को गुरु साहिबानों और पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने गुरु साहिबानों की शहादत का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों की वजह से ही आज समाज इस मुकाम पर खड़ा है। इस दौरान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।